अलीराजपुर। शिक्षा जैसे गंभीर संस्थान के द्वार पर शराब की खुलेआम बिक्री। जिले के आमखुट ग्राम पंचायत स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य द्वार पर संचालित एक किराना दुकान पर बियर की सार्वजनिक बिक्री होती देख क्षेत्र के एसडीएम तपीश पांडे ने मौके पर पहुंचकर सख्त नाराजगी जताई और तत्काल बियर जब्त कर कार्रवाई की। अलीराजपुर जैसे आदिवासी बहुल और शैक्षिक रूप से पिछड़े जिले में यह मामला प्रशासन के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ था। गौरतलब है कि यह किराना दुकान विद्यालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार पर संचालित हो रही थी, जहां विद्यार्थियों की आवाजाही होती है।
लगातार सक्रिय हैं SDM तपीश पांडे- SDM तपीश पांडे सुबह-सवेरे ही क्षेत्रीय दौरे पर निकल पड़ते हैं। कभी स्कूलों व छात्रावासों का निरीक्षण करते हैं, तो कभी अस्पताल व खाद-बीज वितरण केन्द्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की पड़ताल करते हैं। हाल ही में छात्रावासों से मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र उन्होंने औचक निरीक्षण किया और जिम्मेदार वार्डनों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अवैध गतिविधियों पर कसा शिकंजा – कलेक्टर अरविंद अभय बेडेकर के नेतृत्व में जिला प्रशासन अवैध क्लिनिक, झोलाछाप डॉक्टर, अवैध रेत परिवहन और अतिक्रमण जैसी समस्याओं पर लगातार सख्ती बरत रहा है। हाल ही में खंडवा-बड़ौदा मार्ग पर अतिक्रमण हटाकर सड़क को वाहन योग्य बनाया गया, जिससे यातायात में सुधार हुआ है और डिवाइडर निर्माण की संभावनाएं बनी हैं।
जनता से मिल रही सराहना – एसडीएम पांडे और कलेक्टर बेडेकर की सक्रिय जोड़ी की कार्यप्रणाली की स्थानीय पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा सराहना की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अलावा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से सराहना की और जर्जर शालाओं की मरम्मत व वाटरप्रूफिंग को लेकर प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
नवाचार से बदलेगा अलीराजपुर का भविष्य – एसडीएम और कलेक्टर की यह सक्रिय जोड़ी जिले की बदहाल व्यवस्थाओं को एक-एक कर सुधारने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। जिले के नागरिकों को उम्मीद है कि आने वाले समय में जिला अस्पताल सहित अन्य प्रमुख व्यवस्थाओं में भी जल्द ही आमूलचूल सुधार दिखाई देगा।

