आलीराजपुर। ग्राम सिंधी के कोठार फलिया में लंबे समय से बंद पड़े हैंडपंप की समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद पीएचई विभाग हरकत में आया। विभाग की टीम बोरवेल मशीन के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया, लेकिन तकनीकी बाधा के कारण हैंडपंप का समाधान नहीं हो सका।
4 इंची बोरवेल में 4 इंची रॉड होने से तकनीकी कार्य नहीं हो पाया –
पीएचई विभाग के अधिकारी संजय मुकाती ने बताया कि संबंधित बोरवेल काफी पुराना है। मौके पर पहुंची मशीन में 4 इंच की रॉड लगी हुई थी, जबकि बंद पड़ा बोरवेल भी 4 इंच का होने के कारण आवश्यक तकनीकी कार्य नहीं किया जा सका। इसी वजह से हैंडपंप को तत्काल चालू करना संभव नहीं हो पाया।
उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों में झाबुआ से तकनीकी गाड़ी एवं आवश्यक उपकरण बुलाए जाएंगे। इसके बाद विशेषज्ञ टीम द्वारा पुनः जांच कर हैंडपंप को चालू कराने की कार्रवाई की जाएगी।
नया बोरवेल कराने की उठी मांग-
ग्रामीणों को अभी भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है और वे शीघ्र समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि मौजूदा बोरवेल काफी पुराना हो चुका है और बार-बार खराब हो रहा है, तो विभाग को यहां नया बोरवेल स्वीकृत कराना चाहिए। उनका मानना है कि नया बोरवेल होने से क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा तथा भविष्य में बार-बार उत्पन्न होने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी।

