बड़ी खट्टाली। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर बालाजी सत्संग हॉल में गायत्री प्रज्ञा मंडल द्वारा नौ दिवसीय गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर गायत्री मंत्रों के साथ आहुतियां अर्पित कीं।

नौ दिवसीय आयोजन के दौरान 37 जोड़ों ने यजमान के रूप में सहभागिता कर यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। प्रतिदिन शाम को कन्याओं द्वारा दीप यज्ञ का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कन्याएं शामिल हुईं। दीप यज्ञ के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सुख, शांति, सद्बुद्धि एवं समाज के कल्याण की कामना की।

नवरात्रि के नवमी पर्व पर गायत्री प्रज्ञा मंडल एवं सर्व हिंदू समाज द्वारा पूरे गांव में कन्या भोज का आयोजन किया गया। इसमें 250 कन्याओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की। कन्या भोज के आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

आयोजन में मुख्य यजमान लक्ष्मीनारायण राठौड़ रहे तथा मुख्य आचार्य प्रमोद शर्मा ने यज्ञ संपन्न कराया। नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गायत्री प्रज्ञा मंडल एवं सर्व हिंदू समाज के सहयोग से यह धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

