बड़ी खट्टाली। जिला आलीराजपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ी खट्टाली में पदस्थ वार्ड बाय कमलेश राठौर दिनांक 30 अप्रैल 2026 को अपनी 31 वर्षों की शासकीय सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। उनका सेवानिवृत्ति आदेश कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आलीराजपुर द्वारा जारी किया गया, जो कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा (पेंशन) नियम 1976 के नियम-32 के अंतर्गत अधिवार्षिकी आयु पूर्ण होने पर प्रभावशील हुआ।
आदेशानुसार निर्धारित आयु पूर्ण करने के उपरांत उन्हें शासकीय सेवा से विधिवत सेवानिवृत्त किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर के. गहलोत सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने राठौर के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ, सरल एवं सहयोगी स्वभाव को याद किया।
अपने 31 वर्षों के सेवाकाल में कमलेश राठौर ने अनेक मरीजों की सेवा एवं देखरेख कर स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्रामीण क्षेत्र में उनकी सेवाएं सदैव सराहनीय रहीं और वे मरीजों एवं सहकर्मियों के बीच लोकप्रिय रहे। समारोह में उनके परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

