झाबुआ। जिले में अवैध खनिज परिवहन की शिकायतों को नजरअंदाज करना अब अधिकारियों पर भारी पड़ने लगा है। बीते 28 जुलाई को कलेक्टर नेहा मीना के वाहन को एक तेज रफ्तार डंपर द्वारा टक्कर मारने की घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है। संबंधित डंपर (एमपी 13 एच 1089), जो कथित रेत माफिया शांतिलाल बसेर का है, उसका परमिट और फिटनेस रद्द कर दिया गया है। वहीं चालक रामसिंह का ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है।
खनिज अधिकारी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी – घटना के बाद खनिज विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। जिले में लंबे समय से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, बावजूद इसके खनिज अधिकारी जुवानसिंह भिड़े ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए। यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत गंभीर लापरवाही मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने इस संदर्भ में संभागायुक्त को प्रस्ताव भेजते हुए खनिज अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
उज्जैन आरटीओ की त्वरित कार्रवाई – डंपर की पंजीयन उज्जैन आरटीओ में होने के कारण, झाबुआ जिला परिवहन अधिकारी की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए उज्जैन आरटीओ ने डंपर का परमिट व फिटनेस रद्द किया है। आरटीओ ऋतु अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आधार पर ड्राइवर रामसिंह का लाइसेंस भी कैंसल किया गया है।

