इंदौर। संगीत स्वर लिपि के जनक एवं महान संगीत विद्वान पंडित विष्णु दिगंबर भातखंडे की स्मृति में संस्कार भारती की नगर एवं प्रांत इकाई द्वारा 27 सितंबर को संगीत सभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम शाम 6 बजे श्री गोविंद राम सक्सेरिया इंजीनियरिंग कॉलेज के गोल्डन जुबली सभागृह में आयोजित होगा।
समारोह में इस वर्ष का प्रथम पंडित भातखंडे सम्मान परिपक्व युवा गायक भुवनेश कोमकली एवं वरिष्ठ संगीत शिक्षक तथा पूर्व प्राचार्य पंडित रमाकांत दुबे को प्रदान किया जाएगा। पंडित रमाकांत दुबे ने कई दशकों तक विद्यार्थियों को पंडित विष्णु दिगंबर भातखंडे की रचनाओं एवं संगीत परंपरा का प्रशिक्षण दिया है। वहीं भुवनेश कोमकली युवा पीढ़ी के प्रतिभाशाली एवं परिपक्व गायकों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान संगीत गुरुकुल, पंचम निशाद संगीत संस्थान, स्वर स्मिता संगीत अकादमी एवं शारदा कला संगीत अकादमी के किशोर विद्यार्थी पंडित भातखंडे की रचनाओं का गायन प्रस्तुत करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम सभी संगीत रसिकों के लिए खुला है। संगीत प्रेमी कार्यक्रम में उपस्थित होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियों का आनंद ले सकते हैं।

