आलीराजपुर। ग्राम बड़ी खट्टाली में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। ग्राम पंचायत प्रांगण में आयोजित मुख्य समारोह में सरपंच चेनसिंह डावर ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के उपसरपंच शुभम मेहता, पंचायत प्रतिनिधि रमेश मेहता, मदन लड्ढा, विजय मालवी, पूर्व सरपंच भावसिंह, पूर्व सरपंच भारतसिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुलेश बघेल, सुल्तान खत्री, कैलाश राठौड़, जयेश मालानी, रामसिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान स्वर्गीय राधेश्याम मांगीलाल मालानी की स्मृति में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पांचवीं, आठवीं, दसवीं एवं बारहवीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर स्काउट छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर ग्राम पंचायत सरपंच चेनसिंह डावर एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष मुलेश बघेल ने अपनी ओर से नगद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

ग्राम के विभिन्न शासकीय एवं सार्वजनिक संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया। हायर सेकेंडरी स्कूल में प्राचार्य केसी धार्वे, कन्या हाई स्कूल में प्राचार्य दिलीप कनेश, कन्या माध्यमिक शाला में सुमन मौर्य, मस्जिद चौक पर अनवर खत्री, पुलिस चौकी प्रांगण में चौकी प्रभारी मदन सिंह किराड़े, चिकित्सालय में डॉ. केसी गहलोत तथा आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में प्रबंधक गाडरिया ने ध्वजारोहण किया। इसी प्रकार ग्राम चमारबेगड़ा में सरपंच डुडला ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उपसरपंच देवीसिंह गाडरिया, सचिव मेहताबसिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

