आलीराजपुर। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार आईएएस अधिकारी प्रखर सिंह (2020 बैच) का तबादला कर दिया गया है। अब वे नगर पालिक निगम इंदौर में अपर आयुक्त के पद पर पदस्थ किए गए हैं। इससे पहले वे जिला पंचायत आलीराजपुर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) के रूप में पदस्थ थे।

आपको बता दें कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में नगर निगम की पेयजल पाइपलाइन से दूषित पानी की आपूर्ति के बाद हालात बेहद गंभीर हो गए थे। इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों लोग बीमार होकर विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। इस लापरवाही ने नगर निगम की जलप्रदाय व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी गंभीर घटना के बाद शासन स्तर पर सख्ती दिखाई गई और इंदौर नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल किया गया।
सूत्रों के अनुसार, यह प्रशासनिक फेरबदल भागीरथपुरा में दूषित जल आपूर्ति से उपजे हालात के बाद व्यवस्था को दुरुस्त करने और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। शासन ने स्पष्ट किया है कि यह पदस्थापना आगामी आदेश तक अस्थायी रहेगी।

