इंदौर। मध्यप्रदेश शासन के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को आबकारी विभाग इंदौर द्वारा प्रूडेंशियल किड्स हायर सेकेंडरी स्कूल, निपानिया में विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं संवादात्मक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ए.के. माथुर का विद्यार्थियों के साथ हुआ जीवंत संवाद रहा। उन्होंने सरल एवं प्रभावशाली उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, उससे होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए नशे से दूर रहने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए, जिससे कार्यक्रम सहभागितापूर्ण एवं प्रेरणादायक बन गया। इस अवसर पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए नशे से जुड़ी विभिन्न भ्रांतियों को दूर किया तथा युवाओं से स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अधिकारियों, विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने नशा न करने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन ने आबकारी विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और समाज में जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी देवेश चतुर्वेदी (कंट्रोलर), ए.के. माथुर, राघवेंद्र सिंह कुशवाहा, आकांक्षा गर्ग, आबकारी उपनिरीक्षक आकाश मेश्राम तथा वैशाली भगत उपस्थित रहे।

