कोलकाता ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के अर्धशतक की मदद से 175 रन का लक्ष्य दिया
Indian Premier League 2025 : चैंपियन कोलकाता को उसके घर में दी मात
आईपीएल सीजन-18 के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 7 विकेट से हराकर अपना सफर शुरू किया। कोहली 36 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले कोलकाता ने कप्तान अजिंक्य रहाणे के अर्धशतक की मदद से 175 रन का लक्ष्य दिया। बेंगलुरु ने 22 गेंदे शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। इससे पहले ईडन गार्डन्स स्टेडियम में ओपनिंग सेरेमनी हुई। इसमें बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख और क्रिकेट की दुनिया के किंग विराट कोहली दोनों न सिर्फ एक मंच पर मौजूद रहे, बल्कि एक साथ डांस भी किया। पहली प्रस्तुति श्रेया घोषाल ने दी। फिर बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी ने जलवा बिखेरा।
तीन साल बाद केकेआर को हराया : आपको बतादे की आरसीबी ने आइपीएल में तीन साल के लंबे अंतराल के बाद कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) को हराया है। पिछले चार मैचों में उसे केकेआर के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी। यह आरसीबी की केकेआर के खिलाफ आइपीएल में 15वीं जीत है।

केकेआर के खिलाफ विराट के 1000 रन पूरे
इस जीत के साथ कोहली ने एक और उपलब्धि हासिल की। उन्होंने केकेआर के खिलाफ 1000 रन पूरे किए, जिससे वे आईपीएल में चार अलग-अलग टीमों के खिलाफ 1000+ रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी बन गए। आरसीबी की शुरुआत शानदार रही और पहले 6 ओवरों में सॉल्ट और कोहली ने 80 रन जोड़ दिए। यह उसका पावरप्ले में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है।

केकेआर की शुरुआत खराब रही थी
क्विंटन डिकॉक (4) पहले ओवर में ही आउट हो गए। हालांकि, अजिंक्य रहाणे (56) और सुनील नरेन (44) ने 103 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला, लेकिन इसके बाद अंतिम 10 ओवरों में केकेआर केवल 67 रन ही जोड़ सकी और 8 विकेट खोकर 174 रनों पर पहुंच पाई। कुणाल पंड्या ने आरसीबी के लिए सर्वाधिक 3 विकेट लिए। वे प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

