आलीराजपुर। आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था की उचित मूल्य दुकान पर लंबे समय से राशन का इंतजार कर रहे उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। दुकान प्रबंधक के अनुसार 9 अक्टूबर से अक्टूबर माह के राशन का वितरण शुरू किया जाएगा।
पिछले कुछ महीनों से राशन वितरण प्रभावित होने के कारण ग्रामीण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों के अनुसार मई-जून माह में समय पर राशन नहीं मिल पाया, जबकि जुलाई-अगस्त में पिछले महीनों का राशन वितरित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को राशन नहीं मिलने की शिकायत बनी रही। वहीं सितंबर माह में भी राशन का आवंटन नहीं होने से उपभोक्ताओं की परेशानी जारी रही।
29 सितंबर को जनसुनवाई में पहुंचे थे ग्रामीण….
राशन वितरण में आ रही परेशानी को लेकर बड़ी खट्टाली के ग्रामीण उपभोक्ता 29 सितंबर को आलीराजपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में शिकायत लेकर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने समय पर राशन उपलब्ध कराने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी थी।
प्रबंधक बोले- 9 अक्टूबर से होगा वितरण…..
उचित मूल्य दुकान बड़ी खट्टाली के प्रबंधक केरूसिंह गाडरिया ने बताया कि अब अक्टूबर माह का राशन आवंटित हो गया है और 9 अक्टूबर से उपभोक्ताओं को राशन का वितरण किया जाएगा।

