बड़ी खट्टाली। आलीराजपुर जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह से ग्राम पंचायत बड़ी खट्टाली के सरपंच चेनसिंह डावर एवं पंचायत प्रतिनिधि रमेश मेहता ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक को अलीराजपुर पदस्थ होने पर पुष्पहार पहनाकर स्वागत एवं बधाई दी।
प्रतिनिधियों ने स्थानीय बड़ी खट्टाली पुलिस चौकी पर स्टाफ की कमी की समस्या से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया और बताया कि इस चौकी के अंतर्गत कई गांव आते हैं, लेकिन वर्तमान में स्टाफ की संख्या पर्याप्त नहीं है।
जिला पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वर्तमान में जिले में स्टाफ की कमी है, जैसे ही पूर्ति होगी, खट्टाली चौकी पर दो जवानों की वृद्धि की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बड़ी खट्टाली पुलिस चौकी के अंतर्गत वर्तमान में गांवों की संख्या कम है, इसलिए आसपास के कुछ गांव, जो अन्य थानों में शामिल हैं परंतु दूरी से खट्टाली चौकी के नजदीक हैं, उन्हें भी इस चौकी से जोड़ने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि वे शीघ्र ही जिले के सभी थानों का निरीक्षण करेंगे और इस क्रम में बड़ी खट्टाली का भी दौरा करेंगे।

