वैष्णव कन्या विद्यालय में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रो. रावल ने ध्वजारोहण किया
इंदौर। गुमाश्ता नगर स्थित श्री वैष्णव कन्या विद्यालय में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा प्रशिक्षक, माननीय प्रो. गौरव रावल ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। समारोह में छात्राओं ने देशभक्ति से परिपूर्ण विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम और योग प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 10वीं की छात्रा कु. हर्षिता गुप्ता ने संविधान की जानकारी साझा की, जबकि कक्षा 1 की छात्रा कु. दिशिता शर्मा ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत की, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

मुख्य अतिथि ने विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं को पुरस्कृत किया, जिसमें सर्वश्रेष्ठ गायिका, वादिका, एंकर, वॉलंटियर और वक्ता के रूप में सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में, प्रो. रावल ने छात्राओं को संविधान के अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के पालन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत प्रगति के साथ-साथ देश की उन्नति का लक्ष्य रखना चाहिए और सफलता हमेशा ध्येय को देखती है। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी पेशा आप चुनें, उसमें अपना सर्वोत्तम देते हुए देश की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

संस्था के अध्यक्ष श्री राजकुमार भाटिया ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्राचार्या सुश्री ममता शुक्ला ने अतिथि परिचय के साथ विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला और छात्राओं को गणतंत्र दिवस के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। आभार प्रदर्शन संस्था के सचिव श्री अनिरुद्ध नागर ने किया। इस अवसर पर संस्था के सहसचिव श्री अमित पसारी और कोषाध्यक्ष श्री अशोक तोतला भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्रीमती अन्नपूर्णा बागोरा ने किया।

