आलीराजपुर। बड़ी खट्टाली में शासकीय उचित मूल्य दुकान से पात्र उपभोक्ताओं को नियमित राशन नहीं मिलने का मामला मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में पहुंचा। ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में आवेदन देकर पिछले दो माह एवं सितंबर माह का राशन उपलब्ध नहीं कराए जाने की शिकायत की।
आंगनवाड़ी और स्कूल में भी राशन नहीं मिलने की शिकायत….
ग्रामीणों ने जनसुनवाई में यह भी शिकायत की कि बड़ी खट्टाली में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र एवं स्कूल में संचालित समूह को पिछले तीन माह से राशन उपलब्ध नहीं कराया गया है। इससे बच्चों के लिए संचालित व्यवस्थाओं के नियमित संचालन पर भी असर पड़ने की बात ग्रामीणों ने कही। ग्रामीणों ने पात्र परिवारों को लंबित राशन उपलब्ध कराने के साथ ही आंगनवाड़ी एवं स्कूल के लिए भी खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की।
अपर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश….
प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई में अपर कलेक्टर सोहन कनास ने ग्रामीणों की शिकायत सुनी। आवेदन पर संबंधित विभागों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए गए।

