उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को आकाशवाणी उज्जैन केंद्र का लोकार्पण किया। यह प्रदेश का 20वां आकाशवाणी केंद्र है, जहां से रोजाना सुबह 5:55 से रात 11 बजे तक प्रसारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन से शुरू होने वाला प्रसारण आकाशवाणी के इतिहास में नई इबारत लिखेगा और सिंहस्थ-2028 की गरिमा व महिमा देश-विदेश तक पहुंचाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री एल. मुरुगन मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि उज्जैन केंद्र युवाओं के रोजगार, प्रसारण कौशल प्रशिक्षण तथा मालवा की संस्कृति के संरक्षण में प्रमुख भूमिका निभाएगा। यहां मालवी बोली में समाचार प्रसारण भी किया जाएगा।
लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री ने 179 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी उज्जैन जिले को दी। इसमें सांदीपनि स्कूल, रेलवे ओवर ब्रिज, विभिन्न सड़कों का निर्माण व उन्नयन, धनवंतरी आयुर्वेदिक महाविद्यालय के छात्रावास, रेप्टाइल पार्क, स्नेक पार्क और हाईटेक नर्सरी सहित कई परियोजनाएँ शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ-2028 से पहले सभी अधोसंरचना कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उज्जैन में मेडिकल टूरिज्म हब और मेडिसिटी के निर्माण से स्वास्थ्य सुविधाएँ और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी उज्जैन सिंहस्थ के लाइव प्रसारण में ऐतिहासिक योगदान देगा और बाबा महाकाल की नगरी के वैभव को जन-जन तक पहुंचाएगा।

