आलीराजपुर। कलेक्टर नीतू माथुर ने शनिवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर माथुर ने सिविल सर्जन से अस्पताल के स्टाफ, उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई, शीतल पेयजल, भोजन की गुणवत्ता और दवाइयों की उपलब्धता की स्थिति देखी। कलेक्टर ने डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इलाज कराने आए मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज या उनके परिजनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, और दवाइयां संस्था से ही उपलब्ध कराई जाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर माथुर ने महिला वार्ड, बच्चा वार्ड, आईसीयू, ओपीडी और पोषण पुनर्वास केंद्र सहित अस्पताल परिसर का भ्रमण किया। साथ ही निर्माणाधीन भवनों का जायजा लेकर अनुपयोगी वस्तुओं को हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर माथुर ने कहा कि आगामी दिनों में अस्पताल में साफ-सफाई और सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार किया जाए, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

