आलीराजपुर। जिले के छकतला क्षेत्र में गुरुवार को झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक युवक की मौत हो गई। रोशिया निवासी सुरतान बामनिया हल्का बुखार होने पर इलाज के लिए छकतला पहुँचा और कव्हाट रोड पर महेश पाटीदार द्वारा संचालित क्लिनिक पर उपचार लिया। बताया गया कि इंजेक्शन बॉटल लगने के थोड़ी देर बाद ही सुरतान की मौके पर मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही हड़कंप मच गया और आरोपी बिना डिग्री व पंजीकरण के क्लिनिक चला रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार सुबह शव का पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद परिजन व बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग जिला कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति पर आक्रोश जताते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिलेभर में अवैध क्लिनिक संचालित करने वाले झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई कर क्लिनिक सील करने, FIR दर्ज करने और लापरवाह CMHO को तत्काल हटाने की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो नगर बंद और जनआंदोलन किया जाएगा।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यह भी अपील की कि लोग नजदीकी शासकीय अस्पतालों में जाकर मुफ्त इलाज लें और कोई भी मकान मालिक अपने भवन में अवैध क्लिनिक संचालित करने के लिए किराए पर न दें, अन्यथा उनकी भी जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता नितेश अलावा, जनजाति मंच प्रमुख गोविन्द भयडिया, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि झमराला भाई, उमेश पीदीया, निरंजन सिंह पटेल, इकू बामनिया, राहुल लोहरिया, काशीराम तोमर सहित बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण उपस्थित रहे।

