इंदौर। स्टेट प्रेस क्लब, मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव 2025 का तीन दिवसीय भव्य आयोजन इंदौर स्थित जाल सभागृह में संपन्न हुआ। इस अवसर पर देश, प्रदेशभर से वरिष्ठ पत्रकार, एआई मीडिया विशेषज्ञ ने सहभागिता कर विविध सत्रों में विचार साझा किए। इस मौके पर पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन थे, जबकि अध्यक्षता महाराज उत्तम स्वामी ने की। मंच पर वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा, राजीव खांडेकर, संदीप सिंह सिसोदिया, विप्र प्रमुख योगेंद्र महंत, भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सिंह सलूजा और नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

महोत्सव के विशेष आकर्षण ‘मास्टर क्लास रिपोर्टिंग स्पर्धा’ में पीएम एक्सीलेंस श्री अटल बिहारी वाजपेई महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पाँच विद्यार्थियों विशाल चौहान, कुमार कुंदन ओस्तवाल, शालू पचोरे, पंकज पांडेय एवं शालिनी शुक्ला ने सक्रिय भागीदारी कर सराहनीय रिपोर्टिंग प्रस्तुत की। ‘एआई और न्यूज़ रूम’, ‘एआई और पॉडकास्ट’, तथा ‘एआई, एंकरिंग और करियर’ जैसे समकालीन विषयों पर आधारित रिपोर्टिंग के लिए इन विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के पश्चात छात्रों ने स्टेट प्रेस क्लब एवं अपने विभागीय शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट किया और इसे अपने करियर के लिए प्रेरणादायी अनुभव बताया।

कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार आलोक बाजपेई ने कुशलता से किया, वहीं आयोजन का सफल नेतृत्व स्टेट प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री प्रवीण खारीवाल द्वारा किया गया।


