आलीराजपुर। जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामा अवास्या को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक, आजादनगर बरझर के सामलाकुड़ क्षेत्र में महिला समूह से अधिकारी ने ₹50,000 की रिश्वत की मांग की थी। महिला ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में की, जिसके बाद इंदौर से टीम आलीराजपुर पहुंची और जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी खाद्य अधिकारी ने महिला को वेयरहाउस पर पैसे लेकर बुलाया था। जैसे ही महिला रिश्वत की राशि लेकर वहां पहुँची, लोकायुक्त की टीम ने मौके पर दबिश देकर अधिकारी को रिश्वत की रकम सहित रंगे हाथों पकड़ लिया। फिलहाल, लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

