भोपाल। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने और पर्यटकों को त्वरित, सुगम व सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर भोपाल से “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” की शुरुआत की गई थी। इसी क्रम में शुक्रवार को उज्जैन से पाँच तीर्थयात्री हेलीकॉप्टर से ओंकारेश्वर पहुंचे। उनका स्वागत खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और मांधाता विधायक नारायण पटेल ने ग्राम कोठी हेलीपैड पर किया। तीर्थयात्रियों ने ओंकारेश्वर मंदिर में ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
शुभारंभ के अवसर पर सांसद पाटिल ने कहा कि यह खंडवा जिले और ओंकारेश्वर के लिए गौरव का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं। देश के 12 ज्योतिर्लिंग को टूरिस्ट सर्किट और हवाई यात्रा सुविधा से जोड़ा गया है। इस सुविधा से समय के अभाव में दर्शन नहीं कर पाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा। तीर्थयात्री हेलीकॉप्टर सेवा से ओंकारेश्वर और उज्जैन दोनों ज्योतिर्लिंग के दर्शन एक ही दिन में कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में ओंकारेश्वर में तेजी से विकास कार्य जारी हैं। एकात्म धाम का निर्माण, नर्मदा घाटों का सौंदर्यीकरण, सिंहस्थ-2028 से पूर्व फोरलेन सड़क और शीघ्र शुरू होने वाली ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन परियोजना यात्रियों के लिए बड़ी सुविधाएँ होंगी।
विधायक नारायण पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल से ओंकारेश्वर अब हवाई मार्ग से जुड़ गया है। बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए भविष्य में हेलीकॉप्टर सेवा के राउंड बढ़ाए जाएंगे, जिससे अधिक श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ ले सकें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के चलते ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और इससे स्थानीय व्यवसायियों की आय में भी वृद्धि हो रही है।
अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा से पर्यटकों को कम समय में अधिक गंतव्यों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उज्जैन और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग तक हवाई यात्रा अब 20 से 40 मिनट में पूरी हो सकेगी।
किराया इस प्रकार निर्धारित किया गया है
इंदौर से उज्जैन: लगभग 20 मिनट उड़ान – 5,000 रुपये
उज्जैन से ओंकारेश्वर: लगभग 40 मिनट उड़ान – 6,500 रुपये
ओंकारेश्वर से इंदौर वापसी: लगभग 5,500 रुपये
पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के माध्यम से श्रद्धालु अब एक ही दिन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन आसानी और सुविधाजनक तरीके से कर सकेंगे।

