अलीराजपुर। ग्राम बड़ी खट्टाली में डोल ग्यारस पर्व के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत निकाले गए लक्की ड्रा के भाग्यशालियों को सम्मानित किया गया और हरि सत्संग समिति द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में आयोजित शताब्दी समारोह के दौरान लगभग 800 कूपनों के माध्यम से श्रद्धालुओं से सहयोग राशि प्राप्त की गई थी। इन कूपनों में से ड्रा द्वारा चयनित 13 भाग्यशाली परिवारों को इस वर्ष 2025 के डोल ग्यारस पर्व पर भगवान चारभुजा नाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चारभुजा महोत्सव समिति एवं हरि सत्संग समिति के पदाधिकारियों के साथ माहेश्वरी समाज, जैन समाज, ब्राह्मण समाज और राठौड़ समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में बुधवार रात्रि को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ सरपंच चैनसिंह डावर ने भगवान चारभुजा नाथ के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के वरिष्ठ राधेश्याम मालानी, गंभीरमल राठी, समाज अध्यक्ष दिलीप परवाल सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।
भजन संध्या में हरि सत्संग समिति के मुख्य गायक राजेंद्र कोदे और पंकज काबरा ने अपनी टीम के साथ मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दीं। जिनका आनंद बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और जोबट, नानपुर एवं अलीराजपुर से आए भक्तों ने लिया। देर रात आयोजित शयन आरती में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती उपरांत भगवान के भोग में केसरिया दूध की प्रसादी का वितरण किया गया। इस तरह डोल ग्यारस पर्व पर आयोजित लक्की ड्रा सम्मान एवं भजन संध्या कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आनंद से सराबोर कर दिया।

