इंदौर। स्टेट प्रेस क्लब मध्य प्रदेश द्वारा आयोजित भारतीय पत्रकारिता महोत्सव 2025 का तीन दिवसीय भव्य आयोजन इंदौर के जाल सभागृह में संपन्न हुआ। इस आयोजन में प्रदेशभर से वरिष्ठ व युवा पत्रकारों ने भाग लिया और विविध सत्रों में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन थे, जबकि अध्यक्षता महाराज उत्तम स्वामी ने की। कार्यक्रम में विप्र प्रमुख योगेंद्र महंत, वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा, राजीव खांडेकर, संदीप सिंह सिसोदिया, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सिंह सलूजा और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अलीराजपुर जिले के युवा पत्रकार विशाल चौहान को ‘एआई और न्यूज़ रूम’ विषय पर आयोजित मास्टर क्लास सत्र की रिपोर्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी रिपोर्ट को विषय की समझ, विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण और प्रभावशाली लेखन शैली के लिए निर्णायकों द्वारा विशेष सराहना प्राप्त हुई।

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद विशाल चौहान ने कहा की यह उपलब्धि मेरे पत्रकारिता सफर का एक गर्वपूर्ण और प्रेरणादायक पड़ाव है। यह सम्मान मेरी मेहनत का परिणाम है और भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी। मैं स्टेट प्रेस क्लब व मेरे मार्गदर्शक शिक्षक का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
कार्यक्रम का संचालन आलोक बाजपेई द्वारा कुशलता से किया गया. जबकि आयोजन का नेतृत्व स्टेट प्रेस क्लब के अध्यक्ष श्री प्रवीण खारीवाल ने किया। उन्होंने युवाओं से जिम्मेदार और नवाचारयुक्त पत्रकारिता को अपनाने का आह्वान किया।

