अलीराजपुर। जिले में गरीब व अशिक्षित मजदूरों के साथ आए दिन धोखाधड़ी के मामले सामने आ रहे हैं। ताज़ा मामला जोबट विकासखंड के ग्राम डाबड़ी का है, जहां निर्माणाधीन सीएम राइस स्कूल में कार्यरत मजदूरों को कई माह से मेहनताना नहीं मिला। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार मजदूरी की पूरी राशि लेकर फरार हो गया।
मजदूरों ने बताया कि ठेकेदार ने आश्वासन दिया था कि छत भरने तक का काम पूरा होते ही मजदूरी का पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन बीच-बीच में केवल 200-500 रुपये की किस्तें दी गईं और बाकी रकम का भुगतान टालते रहे। जब मजदूर बार-बार मांग करने पहुंचे तो पता चला कि ठेकेदार रातों-रात भाग गया। मौके पर मौजूद महेश चौधरी, इंजीनियर निवासी सागर ने मजदूरों से कहा कि उन्होंने ठेकेदार को पूरा भुगतान कर दिया है, अब मजदूरी का भुगतान उनका दायित्व नहीं है। सवाल यह है कि मजदूरों की बकाया मजदूरी कौन देगा?
इस मामले की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य रिंकूबाला डावर मौके पर पहुंचीं और मजदूरों के साथ थाने गईं। लेकिन पुलिस ने इसे अपराध मानने से इंकार करते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद मजदूरों ने एसडीएम जोबट को आवेदन सौंपकर न्याय की मांग की।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि यही ठेकेदार पूर्व में एकलव्य आवासीय विद्यालय खारी के निर्माण में भी शामिल था और वहां पर भी भारी भ्रष्टाचार और मजदूरी भुगतान में गड़बड़ी की थी। उस मामले की जानकारी प्रशासन को होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

