अलीराजपुर। पीएम श्री हाई सेकेंडरी स्कूल बड़ी खट्टाली में मंगलवार को नशा मुक्ति विषय पर एक विशाल जन जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 900 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर नशा उन्मूलन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक का पुष्पहारों से भव्य स्वागत सरपंच चैन सिंह डावर, उपसरपंच शुभम मेहता, प्राचार्य के. सी. धारवे, एसडीओपी रविंद्र राठी, टीआई विजय वास्कले, रमेश मेहता, विजय मालवी, मंडल अध्यक्ष मुलेश बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा नशा ही नाश का कारण है। जिले में नकली ताड़ी जैसी घातक चीजों पर भी हमने सख्ती बरती है। समाज को साथ लेकर ही इस बुराई पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में लगी चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और छात्र-छात्राओं की कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि चित्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से दिया जा सकता है। प्राचार्य के. सी. धारवे, एसडीओपी राठी व टीआई वास्कले ने भी अपने वक्तव्यों में नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

पंचायत प्रतिनिधि रमेश मेहता ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बादी की ओर ले जाता है। छात्र-छात्राएं अपने घर जाकर परिजनों को भी नशा छोड़ने की प्रेरणा दें। सरपंच चैनसिंह डावर ने कहा नशे से मुक्ति की शुरुआत घर से होनी चाहिए। युवाओं को जागरूक बनकर इस बुराई के खिलाफ खड़ा होना होगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने जनप्रतिनिधियों और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में नशा नहीं करने की शपथ ली। इसके पश्चात वृक्षारोपण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। जिसमें एसपी राजेश व्यास, एसडीओपी राठी, टीआई वास्कले और सरपंच चैन सिंह डावर ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन विभूति धाकरे और हेमंत सोनी ने किया जबकि आभार प्रदर्शन राजेंद्र चमका ने किया। इस अवसर पर जयेश मालानी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश राठौड़, ललित राठौड़, सहित बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

