आलीराजपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर शनिवार रात सांसद अनिता नागरसिंह चौहान बड़ी खट्टाली के गरबा महोत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने श्री चारभुजा मंदिर परिसर में गरबा रास में सहभागिता की और माता रानी के दर्शन-वंदन कर क्षेत्रवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद वे अंबे माता मंदिर पहुंचीं, जहां दर्शन के दौरान समिति की महिलाओं एवं सदस्यों ने उनका स्वागत किया।

श्री चारभुजा गरबा मंडल महोत्सव समिति द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव में सात दिनों से श्रद्धालु उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग ले रहे हैं। शनिवार रात करीब 10 बजे चारभुजा मंदिर परिसर स्थित गरबा पंडाल में पहुंचने पर चारभुजा महिला उत्सव समिति की महिलाओं एवं सदस्यों ने सांसद को पुष्पहार और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने गरबा प्रेमियों के साथ गरबा रास किया।

सप्तमी पर 21 दीपों से महाआरती
नवरात्रि की सप्तमी पर महिला मंडल ने 21 दीपों से सुसज्जित आरती की थालियों के साथ माता रानी की महाआरती की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को महाप्रसादी वितरित की गई। महोत्सव में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों की सहभागिता रही। प्रतिदिन शाम को गरबा रास शुरू होता है, जो देर रात तक चलता है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मुलेश बघेल, कोषाध्यक्ष मदन लड्ढा, रमेश मेहता, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष विजय मालवी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जयेश मालानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित रहे।

