बड़ी खट्टाली। नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर स्थानीय अंबे माता मंदिर प्रांगण में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सामूहिक कन्या भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कन्याओं ने प्रसाद ग्रहण किया। जिससे मंदिर परिसर भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।

मुख्य जजमान के रूप में मोहनलाल मालवी, अजय मालवी और विजय मालवी परिवार ने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर कन्याओं का पूजन किया। तत्पश्चात कन्याओं को आदरपूर्वक आसन पर बैठाकर भोजन एवं प्रसाद वितरित किया गया। कन्या भोज में खट्टाली क्षेत्र की कन्याओं के साथ-साथ कन्या शाला की छात्राओं ने भी भाग लिया। आयोजन की व्यवस्थाओं में मंदिर समिति, ग्रामीणों और जजमान परिवार ने मिलकर सहयोग दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि अंबे माता मंदिर प्रांगण में पहली बार इस तरह का भव्य कन्या भोज आयोजित हुआ है। यह आयोजन न केवल धार्मिक परंपरा का प्रतीक रहा बल्कि सामाजिक एकता और मातृशक्ति के प्रति सम्मान की प्रेरणा भी बना। इस अवसर पर पंडित प्रमोद शर्मा, पुजारी गोरखनाथ, भगवानदास प्रजापत, रमेश राठौड़, मुकेश राठौड़, तरुण प्रजापत, नरु राठौड़, सुसेन बिस्वास, नवीन राठौड़ एवं ग्रामीण भक्तजन मौजूद थे।

