अलीराजपुर। जिले के सोंडवा विकासखंड के ग्राम बेसवानी में बुधवार को एक नर तेंदुआ ग्रामीण क्षेत्र में घुस आया और एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए गुजरात रेफर किया गया है। इस भयावह हमले के बाद अन्य ग्रामीणों ने आत्मरक्षा में लाठी-डंडों से तेंदुए को घेरकर मार डाला। घटना के बाद गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है।
10 दिनों से सक्रिय था तेंदुआ, पहले भी कर चुका था हमला – जानकारी के अनुसार यह तेंदुआ पिछले 10 दिनों से बेसवानी सहित आस-पास के क्षेत्रों में सक्रिय था। 7 जुलाई को इस तेंदुए ने ग्राम बडदली में दो वनकर्मियों पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के प्रयास शुरू किए थे और बेसवानी क्षेत्र में रेस्क्यू टीम ने पिंजरा भी लगाया। लेकिन तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका।
बकरी का किया शिकार, फिर ग्रामीण पर किया हमला – बुधवार सुबह करीब 5 बजे तेंदुए ने ग्राम बेसवानी में एक बकरी का शिकार किया। इसके बाद वह गांव के अंदर तक घुस आया और एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीण के चिल्लाने पर अन्य लोग दौड़े और लाठी-डंडों से तेंदुए पर हमला कर उसे मार डाला।
गंभीर रूप से घायल युवक गुजरात रेफर – हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार हेतु गुजरात रेफर किया गया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए के शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। विभागीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि तेंदुआ नर था और उम्र लगभग 7 वर्ष के आसपास थी।
वन विभाग ने किया अंतिम संस्कार, जांच जारी – पोस्टमार्टम के बाद वन विभाग ने नियमानुसार तेंदुए का अंतिम संस्कार किया। एसडीओ एसएस ओहरीया ने बताया कि घटना की पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और मामले की जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में दहशत, सुरक्षा की मांग – घटना के बाद बेसवानी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जंगली जानवरों की निगरानी के लिए गांवों में गश्त बढ़ाई जाए और संभावित खतरे से निपटने के लिए स्थाई समाधान किया जाए।

