अलीराजपुर। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग द्वारा ग्राम बड़ी खट्टाली में 26 लाख 72 हजार रुपये की लागत से बनाए जा रहे अंबेडकर सामुदायिक भवन का घटिया निर्माण अब विधायक की नजरों में भी आ गया है। बुधवार दोपहर को जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने अचानक स्थल पर पहुँचकर निर्माण कार्य का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि निर्माण में रेत अधिक और सीमेंट कम उपयोग हो रहा है, जबकि परिसर में बनाया गया होज पहले ही दो बार धँस चुका है।
विधायक की सख्ती विधायक पटेल ने मौके पर मौजूद सरपंच चैनसिंह डावर के साथ कार्य की स्थिति देखी और ठेकेदार पर जमकर नाराज़गी जताई। उन्होंने कहा ऐसे घटिया निर्माण कार्य बिल्कुल सहन नहीं किए जाएंगे। विधायक ने तत्काल फोन पर कार्यपालन यंत्री भावेल और एसडीओ सुनील डावर को अवगत कराते हुए कहा कि कार्य तुरंत बंद कराया जाए और अब तक हुए काम की गुणवत्ता की जांच की जाए। मजदूरों ने ठेकेदार पर डाली जिम्मेदारी। विधायक ने मौके पर मौजूद मजदूरों से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि वे ठेकेदार के निर्देश अनुसार ही काम कर रहे हैं।
जब समाचार प्रतिनिधि ने कार्यपालन यंत्री भावेल से चर्चा की तो उन्होंने स्वीकार किया कि विधायक ने कार्य बंद करने के निर्देश दिए हैं और निर्माण की जांच कराई जाएगी। वहीं एसडीओ सुनील डावर ने भी कहा कि विधायक द्वारा गुणवत्ता विहीन कार्य की शिकायत की गई है और इस पर शीघ्र जांच की जाएगी।

